लादूखेड़ा। थाना सैंया के ग्राम मोहनपुर में बुधवार की रात करीब डेढ़ बजे बदमाशों ने किसान को बंधक बना कर 70 हजार रुपये और जेवर चोरी कर लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस बदमाशों का पता लगाने में जुटी है।
पीड़ित सत्यप्रकाश शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह किसान है। बुधवार की रात वह बरामदे में सो रहा था। बेटा शिव अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कमरे में सोया था। रात करीब डेढ़ बजे हथियार बंद पांच-छह बदमाश उसके घर घुस आए। आवाज सुनकर उसने उठने का प्रयास किया तभी दो बदमाशों ने हथियार दिखाकर उसे बंधक बना लिया। अन्य बदमाश घर में चोरी करने लगे।
खटपट की आवाज पर बेटे शिव ने भी कमरे से बाहर आने की कोशिश की, लेकिन कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया गया था। इस पर बेटे ने शोर मचाया तो चचेरा भाई दौड़ा, लेकिन बदमाशों ने उस पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इसके बाद बदमाश घर से रुपये और जेवर लेकर भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद गांववाले जुट गए। पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित ने बताया कि बदमाश उनके घर से 70 हजार रुपये, सोने की तीन चूड़ी, पांच अंगूठी, 400 ग्राम वजन को करोंधनी, पायल और अन्य जेवर ले गए हैं।
थानाध्यक्ष सैंया योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पीड़ित ने जेवर, नकदी चोरी होने की सूचना दी है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।