ससुरालीजन ने की महिला को जलाने की कोशिश
किशनी। गांव देवगंज निवासी एक महिला ने ससुरालीजन पर गंभीर आरोप लगाया। पुलिस को बताया कि उसे जान से मारने की कोशिश की गई। पति और अन्य ससुरालीजन ने जलाने की कोशिश की है। शिवानी ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी दो वर्ष पूर्व देवगंज निवासी सौरभ जाटव के साथ हुई है।
शनिवार की रात पति सौरव जाटव, ससुर शैलेंद्र, जेठ का लड़का गौरव, सास रामरती, नंद उपासना, देवर दीपांशू ने बेवजह आकर गाली गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर सभी उसे पीटने ले। कमरे में बंद कर मिट्टी का तेल डाल कर जलाने की कोशिश की। वह किसी तरह से जान बचाकर कमरे में से निकली और मायके वालों को जानकारी दी। सूचना मिलने के कुछ देर बाद ही मायके कन्नौज के रसूलपुर से परिवारीजन आ गए। रविवार को सभी ने ससुरालीजन को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह लोग कोई बात सुनने के लिए तैयार नहीं हुए। माता-पिता को गाली गलौज करते हुए मारपीट करने पर उतारू हो गए। वह अब ससुरालीजन की प्रताड़ना से तंग आ चुकी है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित अन्य ससुरालीजन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच पड़ताल शुरू कर दी है। संवाद