डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय से संबद्ध निजी कालेज बेखौफ होकर नकल करा रहे हैं। गुरुवार को अलीगढ़ के आईआईएमटी कालेज में बेसमेंट में शटर डालकर नकल कराते शिक्षकों को रंगेहाथ पकड़ा गया तो वे हमलावर हो गए। सचल दल के सदस्यों से नकल सामग्री छीन ली और अभद्रता की। कालेज से जान बचाकर भागते सचल दल की गाड़ी में स्कॉर्पियों से टक्कर भी मारी। औटा ने मामले की रिपोर्ट कुलपति को देकर परीक्षा निरस्त करने और कालेज की संबद्धता समाप्त करने की सिफारिश की। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी।
अलीगढ़ के कालेजों में नकल रोकने के लिए गुरुवार को केआर कालेज मथुरा के डा. यदुराज सिंह के नेतृत्व में सचल दस्ते ने छापेमारी की। डा. यदुराज सिंह के मुताबिक वह सुबह तकरीबन सवा नौ बजे आईआईएमटी कालेज पहुंचे। जैसे ही टीम ने कालेज के परीक्षा कक्ष में प्रवेश किया, बोल-बोलकर नकल करा रहे परीक्षकों में अफरातफरी मच गई। एक परीक्षक के हाथ से फोटोस्टेट कापी (नकल सामग्री) जैसे ही टीम के एक सदस्य ने छीनी वहां खडे़ 10-12 लोगों ने अभद्रता की। टीम से नकल सामग्री वापस छीन ली। सचल दल के सदस्यों ने उपस्थिति पंजिका जांची और परीक्षा देने वाले छात्रों की संख्या मालूम की। पता चला कि हर कक्षा में 20 फीसदी छात्र गैर हाजिर हैं। परीक्षा शुरू होने के ढाई घंटे बाद भी इनकी अनुपस्थिति नहीं लगाई गई थी। एक छात्र से जब पूछताछ की गई तो उसने बेसमेंट का रास्ता बताया। बेसमेंट में सचल दल के सदस्य पहुंचे। यहां शटर डालकर गैर हाजिर परीक्षार्थियों को नकल कराई जा रही थी। अराजकतत्व फिर हमलावर हो गए। इस पर दस्ते के सदस्यों ने कालेज से निकलने में भलाई समझी। जैसे ही डा. यदुराज सिंह अपनी कार में टीम के सदस्यों के साथ बैठे, पीछे खड़ी स्कॉर्पियो में सवार युवकों ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मारी। इससे कार की लाइट और बंपर टूट गया। किसी तरह वहां से निकले।
इस घटनाक्रम के बाद औटा अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चौहान, महामंत्री डा. एके सिंह ने दस्ते के सदस्यों के साथ कुलपति से मुलाकात की। परीक्षा निरस्त करने और कालेज की संबद्धता समाप्त करने की सिफारिश की। कुलपति ने पूरे मामले की जानकारी राज्यपाल को भी दे दी है।