होलीपुरा में मारपीट: वायरल वीडियो का ग्रैब
बाह। होलीपुरा गांव में बुधवार सुबह बाड़े में बकरियां बांधने जा रहे भाई-बहन को पीटे जाने के विरोध में दो पक्ष भिड़ गए। जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे बस्ती में भगदड़ मच गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हाे रहा है। इसमें हमलावर लाठी-डंडों से महिलाओं को पीटते हुए दिख रहे हैं। विवाद में छह महिलाओं समेत आठ लोग घायल हुए हैं। एक पक्ष ने बाह थाने में तहरीर दी है।
घटना सुबह करीब 9 बजे की है। सोनू अपनी बहन अर्चना के साथ बाड़े में बकरियां बांधने जा रहा था। सोनू का आरोप है कि पुरानी रंजिश के कारण रास्ते में मिले टिंकू पक्ष के लोग उनसे और बहन को गालियां देने लगे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। इसकी जानकारी पर उनके पक्ष के लोग भी माैके पर पहुंच गए। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे और लात-घूंसे भी चले। मारपीट से सोनू की मां रेशम देवी और बहन गुंजन बेहोश हो गईं। सूचना पर पहुंची पीआरवी ने दोनों को इलाज के लिए बाह सीएचसी पर भर्ती कराया। अर्चना ने पुलिस को बताया कि मारपीट में वह, मां रेशम देवी, बहन गुंजन, भाई सोनू, भाभी लक्ष्मी घायल हुए हैं। गालीगलौज के विराेध पर विपक्षियों ने मारपीट की है। हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी है। उधर, बाह सीएचसी पर दूसरे पक्ष के टिंकू ने बताया कि सोनू पक्ष ने उनके साथ मारपीट की है। मारपीट में वह और पत्नी प्रेमलता, भतीजी शिवानी घायल हुए हैं। पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक बाह ने बताया कि सोनू पक्ष के तीन घायलों रेशम देवी, गुंजन, लक्ष्मी का मेडिकल कराया है। मेडिकल रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। दूसरा पक्ष थाने में नहीं आया है।