रेल एवं संचार राज्यमंत्री मनोज सिन्हा
- फोटो : अमर उजाला
केंद्र में भाजपा सरकार के तीन साल पूरे होने पर केंद्रीय रेल एवं संचार राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। भ्रष्टाचार से मुक्त बड़े और कड़े फैसले की सरकार बताते हुए कहा कि मोदी सरकार के रहते कश्मीर में पत्थर नहीं चलेगा।
नोटबंदी से पहले आतंकवाद और नक्सलवाद को फंडिंग होती थी। रोज कश्मीर में पत्थर चलते थे लेकिन नौ नवंबर से सब बंद हो गए। फिर कुछ पत्थरबाज पैदा हो गए हैं। उनका भी इलाज ठीक से हो रहा है। सूरसदन में आयोजित कार्यकर्ता जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं है।
भाजपा ने जब सरकार संभाली थी तब देश की ग्रोथ रेट पांच फीसदी से कम थी। अब विश्व बैंक का भी मानना है कि अगले साल भारत की ग्रोथ रेट 7.6 से बढ़कर 7.8 प्रतिशत होने वाली है। जीएसटी को बड़ी उपलब्धि बताया। कहा कि पिछले 16 साल से एक देश, एक टैक्स का बिल लंबित था। वित्तमंत्री अरुण जेटली ने अलग-अलग राज्य सरकारों और विभिन्न राजनीतिक दलों से सहमति बनाकर इसे लागू करने का मार्ग प्रशस्त किया है।
वैश्विक स्तर पर भी भारत की काफी धाक बढ़ी है। कहा कि दुनिया में सबसे अधिक विदेशी निवेश भारत में हुआ है। साथ ही कहा कि गैर जरूरी कानून खत्म किए जाएंगे। काले धन पर सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि भाजपा सरकार अब तक 62 हजार करोड़ काला धन अपने खाते में जमा करवा चुकी है।
उन्होंने कहा कि भारत ने कई देशों से बैंकों के खाते से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए समझौता किया है। कहा कि काला धन यदि पाताल में भी होगा तो मोदी सरकार उसे भी निकलवा लाएगी। यह धन चाहे कितने भी ताकतवर व्यक्ति का हो।