शहर में नगर निगम की पार्किंग में अवैध वसूली के साथ अवैध पार्किंग चलाने वालों के आगे नगर निगम बेबस हो चुका है। कोतवाली, दिल्ली गेट समेत शहर में अवैध रूप से पार्किंग चलाई जा रही हैं, जिन्हें नगर निगम के अफसर ही शह दे रहे हैं।
यही वजह है कि अवैध पार्किंग संचालकों और निगम की पार्किंग में अवैध वसूली पर एक भी ठेकेदार को नोटिस जारी नहीं किया गया है। अफसरों की चुप्पी के खिलाफ पार्षदों ने पार्र्किंग के खिलाफ मुहिम शुरू करने की तैयारी की है। कोतवाली की दीवार से सटाकर वाहनों से पार्किंग वसूल की जा रही है। यही हाल हींग की मंडी का भी है।
पुराने घने बाजारों में दो पहिया वाहनों की पार्किंग पर 10 से 20 रुपये वसूल किए जा रहे हैं, जबकि निगम ने यह क्षेत्र पार्किंग के लिए आवंटित ही नहीं किया है। नगर निगम सदन के अधिवेशन में यहां खत्ताघर हटाकर पार्किंग विकसित करने का प्रस्ताव दिया गया है।