वाहन 4.0 सॉफ्टवेयर को एक साल बीतने के बाद भी वाहन मालिकों की दिक्कतें कम नहीं हुई हैं। लगभग आठ हजार गाड़ियां जोकि कटवाई जा चुकी हैं, वह अब भी सॉफ्टवेयर में दर्शाई जा रही हैं। इन गाड़ियों का टैक्स अब भी मालिकों को भेजा जा रहा है।
सॉफ्टवेयर की गड़बड़ी का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को आरटीओ पहुंचे फतेहाबाद के मुकेश ने बताया कि मैने अपनी कार 2002 में एक्सीडेंट में डैमेज होने के बाद कटवा दी थी। उसके टैक्स का 25 हजार का बकाया का नोटिस पहुंचा है। इस मामले में अपने पिता के साथ आरटीओ आया हूं।
वहीं लोहामंडी के धर्मवीर सिंह ने बताया कि मैने अपनी वैन को 2010 में कटवा दिया था। एक पखवाड़े पहले उसके पास 10 हजार बकाया टैक्स का नोटिस पहुंचा। आरटीओ के कई चक्कर काटे, तब जाकर पता चला कि वह गलती के कारण आया है।
वाहन 4.0 सॉफ्टवेयर नवंबर 2018 से संचालित है। इसके पहले आरटीओ में वाहन सॉफ्टवेयर पर वाहनों का ब्योरा दर्ज किया जाता था। वाहन सॉफ्टवेयर को अपडेट करके वाहन 4.0 शुरू हो गया मगर इसकी खामियों को दूर नहीं किया गया है।
वाहन सॉफ्टवेयर से सभी वाहनों का डाटा वाहन 4.0 में पहुंच गया। अब सॉफ्टवेयर हर तीन और छह माह के बाद व्यवसायिक वाहनों पर बकाया टैक्स दिखाता है। इन गाड़ियों में वह ऑटो, मारुति वैन, लोडिंग टेंपो और मेटाडोर जैसी गाड़ियां शामिल हैं, जिन्हें उनके मालिक नष्ट करवा चुके हैं। आरटीओ की फाइल में तो इनका ब्योरा है मगर ऑनलाइन यह वाहन अभी अस्तित्व में नजर आते हैं।
वर्ष 2016 में आरटीओ में दो हजार से ज्यादा ऑटो नष्ट करवाए गए थे, यह भी अब तक चलते हुए दिखाए जा रहे हैं। जब विभाग से ऐसे वाहन मालिकों पर बकाया टैक्स का नोटिस भेजा जाता है तो वह आरटीओ में पहुंचकर अधिकारियों को समस्या बताता है। इसके बाद वाहन 4.0 से ऐसे वाहन का पंजीयन निरस्त करने के लिए कार्रवाई शुरू की जाती है।
सॉफ्टवेयर में नहीं है निरस्तीकरण कॉलम
वाहन सॉफ्टवेयर में पंजीयन के निरस्तीकरण का कॉलम नहीं है, ऐसे में वाहनों का ब्योरा जब सॉफ्टवेयर में आया तो वह अब भी शो कर रहे हैं। पिछले दिनों 327 ऑटो भी हटवाए गए हैं। सॉफ्टवेयर की इस दिक्कत को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। -एके सिंह, एआरटीओ (प्रशासन)