मैनपुरी। ईंट निर्माता समिति के एक प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को जिलाधिकारी से मुलाकात की। डीएम और एआरटीओ को ज्ञापन देकर जिले में संचालित ईंट के अवैध कारोबार को बंद कराने की मांग की।
जनपद ईंट निर्माता समिति के अध्यक्ष सुनील वर्मा लालू के नेतृत्व में ईंट भट्ठा कारोबारी, नीटू भदौरिया, अतुल गुप्ता, विवेक यादव, राजू भटनागर, हर्ष यादव, श्रीकृष्ण यादव आदि ने डीएम को ज्ञापन देकर कहा कि मैनपुरी में दूसरे जिलों से घटिया किस्म की ईंटों की आपूर्ति हो रही है, जिससे मैनपुरी की ईंट की क्वालिटी की छवि खराब हो रही है। साथ ही इस कारोबार से मैनपुरी को जो राजस्व मिलता है उसका नुकसान हो रहा है। भट्ठा कारोबारी भी बाहरी जिलों की ईंटें बिकने से परेशान हैं। एआरटीओ शिवम यादव ने कहा कि जो ट्रैक्टर ट्राली अवैध रूप से चल रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। चालान काटकर जुर्माना वसूल किया जाएगा।