कासगंज में बांद्रा से चलकर गोरखपुर जा रही अंत्योदय एक्सप्रेस में यात्री की बीमारी से मौत हो गई। सहयात्रियों की सूचना पर कासगंज जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फैजाबाद के सुल्तानपुर पथरंगा निवासी ज्ञान प्रकाश(35) पुत्र रघुनाथ सिंह गुजरात के सूरत में मजदूरी करता था। रविवार सुबह 8:30 बजे सूरत से अंत्योदय एक्सप्रेस में लखनऊ रवाना हुआ। उसके साथ में उसकी पत्नी मालती देवी भी थीं।
पत्नी ने बताया कि पति बुखार से पीड़ित था। देर रात तबियत बिगड़ गई और मथुरा-कासगंज के बीच हाथरस स्टेशन पर ज्ञान प्रकाश की मौत हो गई। पत्नी ने सहयात्रियों को पति की मौत की जानकारी दी। इसके बाद सोमवार सुबह चार बजे ट्रेन के कासगंज जंक्शन पहुंचने पर जीआरपी को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जीआरपी थानाध्यक्ष शशिकांत सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनेां को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।