औरैया हादसे के बाद आगरा और मथुरा के बॉर्डर पर सख्ती कर दी गई है। लॉकडाउन में प्रवासी मजदूरों को ट्रक और डीसीएम में लाने वाले चालक और वाहन स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश बॉर्डर के थानों की पुलिस को दिए गए। शनिवार को आईजी ए सतीश गणेश ने फतेहपुर सीकरी-राजस्थान सीमा और कोसी के कोटवन बॉर्डर का दौरा किया।
लॉकडाउन के बाद से दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों से प्रवासी मजदूर अपने घरों का रुख कर रहे हैं। ऐसे में वाहनों से लोग जा रहे हैं। ट्रक, डीसीएम, लोडर वाहनों के चालक मजदूरों से किराया वसूल करके घर ले जा रहे हैं। शनिवार सुबह औरैया जिले में दिल्ली-कोलकाता हाईवे पर एक ढाबे के पास चाय पीने को रुकी मजदूरों से भरी डीसीएम में चूना लदे ट्रॉला की टक्कर से 24 लोगों की मौत हो गई थी।
ये भी पढ़ें: लॉकडाउनः दोपहिया वाहन पर दो सवारी बैठाने पर जुर्माना, चौथी बार में निरस्त होगा ड्राइविंग लाइसेंस
घटना के बाद शासन ने भारी वाहनों में आने वाले श्रमिक और मजदूरों को लाने के लिए बसों की व्यवस्था करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके लिए बॉर्डर पर ही पुलिस सक्रिय हो गई। आईजी ए सतीश गणेश ने बताया कि जो ट्रक, टैंकर, डीसीएम चालक अपने वाहन में मजदूरों को बैठाकर लाएंगे, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वाहन को सीज किया जाएगा। मुकदमे में वाहन स्वामी को भी नामजद करेंगे।
ये भी पढ़ें: आगरा-दिल्ली हाईवे पर प्रवासी कामकारों का भड़का आक्रोश, आग लगाकर किया रास्ता जाम