आगरा। ताज महोत्सव का आगाज 18 फरवरी से होने जा रहा है। इस बार महोत्सव में जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के लिए में मेट्रो सबसे बड़ा सहारा बनेगी। 27 फरवरी तक चलने वाले इस उत्सव के लिए प्रशासन और मेट्रो कॉरपोरेशन ने कमर कस ली है। महोत्सव स्थल तक पहुंचने के लिए मेट्रो न केवल समय बचाएगी, बल्कि शहर के जाम और पार्किंग की समस्या से भी निजात दिलाएगी।
जाम से मिलेगी मुक्ति, मिनटों में पहुंचेंगे
फतेहाबाद रोड पर महोत्सव के दौरान लगने वाले संभावित जाम और ट्रैफिक डायवर्जन को देखते हुए मेट्रो सबसे स्मार्ट विकल्प है। इस वर्ष महोत्सव का आयोजन फतेहाबाद रोड स्थित आईएचसीएल खंड परिसर सेल्फी पॉइंट के पास किया जा रहा है। आयोजन स्थल ताज ईस्ट गेट मेट्रो स्टेशन से मात्र 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। मेट्रो स्टेशन से उतरकर सैलानी मात्र चंद मिनटों में पैदल या अन्य स्थानीय साधनों से कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकते हैं।
इन स्टेशनों पर पार्किंग में खड़ी करें गाड़ी
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के पीआरओ पंचानन मिश्रा ने बताया कि अक्सर बड़े आयोजनों में वाहन पार्किंग एक बड़ी चुनौती होती है। यात्रियों की सुविधा के लिए आगरा मेट्रो के प्रमुख स्टेशनों पर बेहतरीन पार्किंग व्यवस्था की गई है। आप इन स्टेशनों पर अपना वाहन सुरक्षित खड़ा कर मेट्रो पकड़ सकते हैं।
ताज ईस्ट गेट मेट्रो स्टेशन
ताज महल मेट्रो स्टेशन
डॉ. अंबेडकर चौक मेट्रो स्टेशन
मन:कामेश्वर मेट्रो स्टेशन
शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता मेट्रो स्टेशन
ऐसे पहुंचे मेट्रो स्टेशन
यदि आप शहर के अन्य हिस्सों से आ रहे हैं, तो मन:कामेश्वर या डॉ. अंबेडकर चौक जैसे स्टेशनों से मेट्रो लेकर सीधे ताज ईस्ट गेट पहुंचें। इससे आप फतेहाबाद रोड के ट्रैफिक में फंसे बिना समय पर महोत्सव का लुत्फ उठा सकेंगे।