फतेहाबाद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद एक बार फिर विवादों के घेरे में है। अस्पताल में प्रसव कराने के नाम पर तीमारदारों से अवैध वसूली का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के पति ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर स्वास्थ्यकर्मियों पर खुलेआम रुपये मांगने के संगीन आरोप लगाए हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग में अफरा तफरी मच गई है।
जानकारी के अनुसार, नगला बेहड़ थाना डौकी निवासी रोशनी को शनिवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर परिजन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद में भर्ती कराया। प्रसूता के पति रामसेवक कस आरोप है कि प्रसव कराने के नाम पर स्टाफ नर्स ने दो हजार रुपये की मांग की। उसने सरकारी अस्पताल में निशुल्क प्रसव की बात कही, तो कथित रूप से कहा गया कि बिना पैसे कोई काम नहीं होगा, अन्यथा मरीज को निजी अस्पताल ले जाएं। बाद में 1500 रुपये देने पर सहमति बनी। प्रसव के बाद दाई ने भी 500 रुपये की मांग की गई। विरोध करने दबाव बनाया गया, जिसके बाद 400 रुपये देकर मामला शांत कराया गया। आरोप यह भी है कि अस्पताल में उपयोग होने वाला ग्लव्स समेत अन्य सामान बाहर से मंगवाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद पर पूर्व में भी अवैध वसूली के आरोप लग चुके हैं। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने से मरीजों और उनके परिजन में नाराजगी बनी हुई है। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद के अधीक्षक डॉ. अभिषेक चौहान ने कहा कि शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।