खंदौली। ग्राम वास जोखी में कोटेदार के राशन नहीं देने पर शनिवार को पीड़ित महिलाओं ने हंगामा कर एत्मादपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस महिलाओं को समझाकर जाम खुलवाया। महिलाओं ने एसडीएम कार्यालय में मामले की शिकायत की है।
वास जोखी गांव की महिलाओं का आरोप है कि कोटेदार योगेश ने धारकों से अंगूठा तो लगवा लिए लेकिन राशन देने से इंकार कर दिया। इस बात से भड़की महिलाओं ने कोटाधारक पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुये हंगामा कर दिया। हंगामा होते ही कोटा धारक दुकान बंद कर मौके से भाग गया।
इस पर आक्रोशित महिलाओं ने एत्मादपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाकर जाम हटवाया और यातायात सुचारु कराया। इसके बाद पीड़ित महिलाओं ने एसडीएम एत्मादुपर कार्यालय में मामले की शिकायत की।