फिरोजाबाद। नाला सफाई के नाम पर कागजों में मानव बल दिखाया जा रहा हैं। ठेकेदार और नगर निगम के अभियंताओं की अनदेखी के कारण इस बार भी शहरवासियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। बाईपास रोड स्थित नाले को साफ करने का दावा नगर निगम कर रहा है, लेकिन हकीकत में सिल्ट तो दूर जलकुंभी तक नहीं हटाई गई। वहीं आसफाबाद नाले को भी साफ करने की बात कहीं जा रही है, लेकिन नाले में सिल्ट व कूड़ा अभी तक साफ नहीं किया गया है।
मानसून की दस्तक से पूर्व नगर निगम द्वारा हर वर्ष शहर के नालों की तलीझाड़ सफाई कराई जाती है। इस बार भी नगर निगम द्वारा नालों की सफाई के लिए अप्रैल माह से मुहिम शुरू की गई थी। करीब ढाई माह से नगर निगम ने 120 मानव बल लगाकर नाले को साफ करने की बात कर रहा है लेकिन इसमें पड़ी सिल्ट खुद ही नाला सफाई की पोल खोल रही हैं। बंबा बाईपास मार्ग स्थित नाले में जलकुंभी जमी हैं। तो नाला भी पूरी तरह से चोक है। यही हाल नगला भाऊ स्थित रहना नाले की पुलिया का है। संपतराम चौराहा नाले की पुलिया को साफ कराने की सुध विभागीय अफसरों को नहीं है।
चंद्रवार गेट की पुलिया को कराया साफ
शनिवार को नगर निगम द्वारा चंद्रवार गेट की पुलिया को साफ कराया गया है। यह पुलिया मोहल्ला जोशियान के साथ मोहल्ला टीले के नाले को जोड़ती है जिससे मानसून की दस्तक के साथ ही बरसात के पानी की निकासी में किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
नगर निगम सीमा में छोटे बड़े करीब 93 नाले हैं। 90 प्रतिशत नालों को साफ करा दिया गया है। पुलियों को साफ कराने के कारण सर्कुलर रोड होते हुए हाजीपुरा की ओर जाने वाला नाला अभी साफ होने के लिए रह गया है। पुलिया साफ होने के साथ ही शेष बचे नालों को साफ करा दिया जाएगा।
दलवीर सिंह जेडएसओ