रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि ईदगाह स्टेशन को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है और यहां यात्री सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगरा फोर्ट स्टेशन पर सीमित स्थान होने के कारण वहां ट्रेनों का दबाव कम किया गया है और कई ट्रेनों का ठहराव ईदगाह पर शिफ्ट किया गया है। वर्तमान में आगरा फोर्ट पर 39 ट्रेनों का संचालन रह गया है, जबकि ईदगाह पर बेहतर स्पेस और बढ़ते फुटफॉल के चलते इसे प्राथमिकता दी जा रही है।
स्टेशन पर रेल लाइनों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। बांदीकुई-बयाना ट्रैक के दोहरीकरण से ट्रेनों की आवाजाही और तेज होगी। अमृत भारत योजना के तहत फुट ओवरब्रिज, दिव्यांगजन सुविधाएं, स्वच्छ पेयजल, डिजिटल साइनबोर्ड और नए बुकिंग काउंटर जैसी व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं, जिससे यात्रियों को अधिक सुगम और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सके। उन्होंने बताया कि इसके अलावा 21 करोड़ 4 लाख की लागत से अमृत भारत योजना के तहत राजा की मंडी रेलवे स्टेशन को भी विकसित किया जा रहा है।