आगरा। हर बच्चे में नैसर्गिक प्रतिभा होती है। अगर वह अपनी उस प्रतिभा को पहचान कर आगे का रास्ता तय करे तो उसके परिणाम अच्छे आते हैं। यह बात बृहस्पतिवार को केएल यूनिवर्सिटी और अमर उजाला की ओर से आयोजित विशेष कॅरिअर कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि पहुंची जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने कही।
उन्होंने बच्चों को खुद पर विश्वास करने और लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहते हुए उसे हासिल करने तक न रुकने की बात कही। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया व फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने दीप प्रज्वलन कर किया। विशिष्ट अतिथि सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि लक्ष्य तय करना और उसके पीछे लगे रहना ही असल परीक्षा है।
उन्होंने खुद के तीन बार विधानसभा चुनाव हारने के बाद लोकसभा सांसद बनने तक के सफर का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि असफलता को अंत नहीं समझना चाहिए बल्कि कमियों को दूर कर आगे बढ़ने का अवसर समझना चाहिए। कॅरिअर ऐसा चुनिए जहां आप काम करके खुश और संतुष्ट हों।
व्यक्तित्व, कौशल और दिलचस्पी से बनता है कॅरिअर
केएल यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधि शशांक आर्या, हरि किशन, हिमांशु और विमल ने छात्रों से कहा कि अपने कॅरिअर का चयन करने के साथ यूनिवर्सिटी का चयन भी सोच समझकर ही करें। यूनिवर्सिटी चुनते समय एफआईआर कॉन्सेप्ट जरूर प्लान करना चाहिए। इसमें एफ से फैकल्टी, आई से इंफ्रास्ट्रक्चर और आर से रैंकिंग व रिवॉर्ड है। कॅरिअर काउंसलर अनुराग सक्सेना ने कहा कि कॅरिअर तीन चीजों से बनता है, व्यक्तित्व, कौशल और दिलचस्पी।
इन स्कूलों के बच्चे रहे मौजूद
होली पब्लिक स्कूल महर्षिपुरम काॅलोनी, ईएसएस कॉन्वेंट स्कूल कर्मयोगी एन्क्लेव कमला नगर, बीडी कॉन्वेंट सीनियर सेकंडरी स्कूल शास्त्रीपुरम, हेरिटेज पब्लिक स्कूल ट्रांस यमुना कॉलोनी, सन फ्लॉवर गर्ल्स इंटर कॉलेज मोहन नगर, सन फ्लॉवर पब्लिक इंटर कॉलेज नरायच, जिम कॉर्बेट पब्लिक स्कूल आरके पुरम और होली पब्लिक जूनियर कॉलेज आवास विकास।