कासगंज। सावन मास के पहले सोमवार को शिवालयों में भोर के साथ ही ओम नम: शिवाय का मंत्र गूंजने लगा। बड़ी संख्या में शिव भक्तों ने मंदिरों में पहुंच कर आस्था के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की। श्रद्धालुओं ने उपवास भी रखा। सुबह से शाम तक शिव मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा।
सावन के पहले सोमवार को भोले नाथ की पूजा करके के लिए भक्तों में काफी उत्साह देखा गया। सुबह से ही घरों में तैयारियां शुरू हो गई। भूतेश्वर मंदिर पर सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। चामुंडा स्थित शिव मंदिर मालगोदाम रोड, प्रभु पार्क मनकामेश्वर मंदिर, गली शिवालय, रेलवे रोड, गली बोहरान, बारहद्वारी, खिड़किया मोहल्ला शिवमंदिर सहित शहर की गली मोहल्लों में स्थापित शिवालयों में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। पूरे दिन शिव मंदिरों में ओम नम: शिवाय का जाप गूंजता रहा। शिव के प्रिय वस्तुओं के भोग अर्पित किए गए। लहरा गंगा घाट से कई शिवभक्त गंगाजल की कांवड़ लेकर मंदिर पहुंचे और गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक किया।
पूजा सामग्री विक्रेताओं के यहां लगी रही भीड़
देवाधिदेव की आराधना के लिए भक्त पूजा की सामग्री की व्यवस्था करने में भक्त जुट गए। भक्तों ने बाजार में पहुंचकर बेल पत्र, भांग, धतूरा, फूल आदि की खरीददारी की। मंदिरों के आसपास बड़ी संख्या में विक्रेताओं ने पूजन और भोग सामग्री की अस्थाई फड़ लगाई भक्तों को पूजन सामग्री का पैक तैयार कर दिया गया। भक्तों की खरीदारी के चलते इन पर भीड़ रही।