बरहन के नगला छबीला गांव में रविवार को झोपड़ी में आग लगने से दो भैंसों की जलकर मौत हो गई। परिवार मजदूरी करने गया था, इसी दौरान घरेलू सामान समेत झोपड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई।
आगरा के बरहन थाना क्षेत्र के गांव नगला छबीला में रविवार दोपहर एक पशुपालक की झोपड़ी में आग लगने से दो भैंस जलकर मर गईं। झोपड़ी में रखा सभी घरेलू सामान जल कर राख हो गया।
विज्ञापन
नगला छबीला निवासी राजू झोपड़ी में परिवार सहित रह कर मजदूरी करके गुजर बसर करता है। उसके पास दो ब्याहनार भैंस थीं, जो कुछ दिन बाद बच्चा देने वाली थी। रविवार दोपहर राजू परिवार सहित मजदूरी करने गया था। तभी उसकी झोपड़ी में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से लगी कि झोपड़ी में बंधी हुई दो भैंस और रखा घरेलू सामान जलने के बाद ही बुझ सकी। दो भैंस के बच्चे किसी तरह छूट कर भाग गए।
बताया गया है कि जलती हुई राख से घूरे में लगी आग झोपड़ी तक पहुंचने से आग लगी। उपजिलाधिकारी एत्मादपुर सुमित कुमार सिंह ने बताया कि आग से दो भैंसें मरीं हैं, जिनका पोस्टमार्टम कराया गया। जांच कराकर रिपोर्ट शासन को भेजी गई है। एक भैंस पर 37500 रुपये की आर्थिक सहायता मिलती है। शासन से 75 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी।