आगरा में परिवार परामर्श केंद्र में रविवार को ऐसे दंपती के बीच सुलह हो गई, जो लगभग सालभर से अलग रह रहे थे। कहीं पत्नी ने पति की शराब की लत के कारण तो कहीं पति ने पत्नी के मोबाइल पर ज्यादा बात करने के कारण शक में छोड़ दिया था। नौ दंपती में सुलह हो जाने पर केंद्र के सदस्यों ने ताली बजाकर उन्हें विदा किया।
परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी निरीक्षक कमर सुल्ताना ने बताया कि काउंसलर की मदद से उनको समझाया गया। नौ में से पांच मामलों में झगड़े की वजह शराब थी। पति शराब पीकर आता था और पत्नी की पिटाई करता। तंग आकर पत्नी मायके चली गई थी।
काउंसलर ने समझाया कि अगर किसी बात पर झगड़ा हुआ है तो उसे सुलझाया जा सकता है। दंपती की आमने-सामने बिठाकर बात कराई गई। जो गिले-शिकवे थे सामने आए। फिर दोनों साथ रहने के लिए राजी हो गए। यह एक बार में नहीं हुआ, 10-10 बार काउंसलिंग हुई, तब बात बनी।