आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में शुक्रवार को एक दंपती के बीच मोबाइल ने रार कर दी। पत्नी के हर समय मोबाइल पर बात करने से पति नाराज हो गया। उसने पत्नी से मोबाइल छीन लिया।
इस पर नाराज पत्नी शिकायत लेकर थाने पहुंच गई। मोबाइल को लेकर थाने में काफी देर तक फैमिली ड्रामा हुआ। पुलिस ने दंपती को काफी देर तक समझाया। इसके बाद दोनों मान गए।
मामला जगदीशपुरा क्षेत्र के एक मोहल्ले का है। एक युवक मजदूरी करता है। वो जब भी घर आता पत्नी उसे मोबाइल पर बात करती हुई मिलती। वो पूछता तो पत्नी एक ही बात कहती कि मायके में बात कर रही है।
शुक्रवार को दोनों में झगड़ा हो गया। इस दौरान पति ने पत्नी से मोबाइल छीन लिया। मोबाइल न देने से नाराज पत्नी पति की शिकायत लेकर थाने आ गई। वो कार्रवाई की मांग करने लगी।
बाद में पुलिस ने उससे झगड़े का कारण पूछा। मोबाइल का मामला निकलने पर पुलिस ने पति को भी बुला लिया। दोनों के बीच बात की। तब झगड़ा खत्म हो सका। यह मामला थाने में चर्चा का विषय बना रहा है।