फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: मुस्लिम पत्नी की मौत के बाद इस पति ने जो किया, वो हर कोई नहीं कर सकता; मरने के बाद निभाया आखिरी वादा

Sun, 15 Nov 2026 11:43 AM IST
Dhirendra Singh अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा

सार

आगरा के खंदौली के सैमरा गांव में पत्नी की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए पति ने रिश्तेदारों के विरोध और कब्रिस्तान में जगह न मिलने के बावजूद शव दफनाया। पुलिस और ग्रामीणों की मध्यस्थता के बाद पति के हिस्से के खेत में महिला को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
 
विज्ञापन
मजहब से ऊपर मोहब्बत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जीवनभर साथ निभाने के बाद एक हिंदू पति ने अपनी मुस्लिम मूल की पत्नी से किया आखिरी वादा भी निभा दिया। थाना क्षेत्र के गांव सैमरा में शनिवार को शादी के बाद हिंदू बनी महिला की अंतिम इच्छा (दफनाने) को पूरा करने के लिए पति और बच्चे तमाम विरोधों के सामने डटकर खड़े हो गए।
विज्ञापन
Trending Videos

कब्रिस्तान में जगह न मिलने और हिंदू रीति-रिवाज से दाह संस्कार करने के रिश्तेदारों के दबाव के कारण मामला पुलिस चौकी तक पहुंचा लेकिन परिवार अपने संकल्प से पीछे नहीं हटा। आखिरकार पुलिस व ग्रामीणों की सहमति से शाम को महिला के शव को पति के हिस्से के खेत में ही दफनाकर अंतिम विदाई दी गई।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बिहार की रहने वाली रुखसाना (55) ने वर्षों पूर्व सैमरा निवासी महेंद्र सिंह जाटव से विवाह किया था। शादी के बाद उन्होंने हिंदू धर्म अपनाकर अपना नाम मंजू रख लिया था और परिवार के साथ रह रही थीं। दंपती के 12 बच्चे हैं। शुक्रवार देर रात बीमारी के चलते मंजू का निधन हो गया।

शनिवार सुबह जब रिश्तेदार और ग्रामीण हिंदू रीति-रिवाज से दाह संस्कार की तैयारी करने लगे, तो पति महेंद्र सिंह और बच्चों ने इसका विरोध कर दिया। उनका कहना था कि मंजू ने जीवित रहते इच्छा जताई थी कि मृत्यु के बाद उनका दाह संस्कार न कर उन्हें दफनाया जाए। परिवार ने भी उनसे यह आखिरी वादा किया था।
 

परिवार की इस जिद को लेकर रिश्तेदारों में विवाद शुरू हो गया। उधर, गांव के मुस्लिम समाज के लोगों ने भी धर्म परिवर्तन का हवाला देते हुए अपने कब्रिस्तान में शव दफनाने से इन्कार कर दिया, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई। हंगामा बढ़ने पर मामला सैमरा पुलिस चौकी पहुंचा। पुलिस और संभ्रांत ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को समझाते हुए मध्यस्थता की। अंततः पति के हिस्से के खेत में ही शव को दफनाने पर सहमति बनी। शनिवार शाम नम आंखों के बीच पति और बच्चों ने मंजू से किया आखिरी वादा पूरा करते हुए उन्हें खेत में सुपुर्द-ए-खाक किया।

 
विज्ञापन

एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने बताया कि यह पूरी तरह से पारिवारिक और भावनात्मक विषय था। पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों पक्षों को समझाया गया, जिसके बाद आपसी सहमति से समझौता हो गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें