मार खाकर हाथ तुड़वा लिया, सास के सामने पिटती रही। दिवाली पर चाकू का भी हमला झेल चुकी है। फिर भी थाने में खड़ी पत्नी की जुबान पर एक ही बात थी-साहब, मेरे पति को जेल मत भेजना, बस डांट-डपटकर समझा दीजिए।
बुधवार को आंवलखेड़ा में शराब के लिए रुपये न देने पर पति ने पत्नी को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसके हाथ की हड्डी टूट गई। बचाने आई बूढ़ी मां को भी बेटे ने नहीं बख्शा। टूटे हाथ के साथ चौकी पहुंची पत्नी ने तहरीर तो दी, मगर कार्रवाई से साफ इन्कार कर दिया। उनका कहना था- पति जेल गया तो वह और बच्चे किसके सहारे रहेंगे।
थाना प्रभारी बरहन आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि महिला ने तहरीर दी है लेकिन वह कार्रवाई नहीं चाहती। वह सिर्फ पति को डांट डपट कराकर सुधरवाना चाहती है।
मां बोली-ऐसा बेटा पैदा ही न होता तो अच्छा था।
बेटे की पिटाई से बहू की जान बचाने वाली मां आंखों में आंसू लिए बोली कि इससे तो यह पैदा ही न होता तो ठीक था। पहले शादी नहीं हो रही थी तो आत्महत्या की कोशिश की, अब शादी हो गई तो बहू को जानवरों की तरह मारता है। दिवाली पर भी पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया था। तब बड़ी बहू ने बीच में आकर जान बचाई थी।
ननद के दिए रुपयों पर हुआ विवाद
पिछले दिनों पत्नी की ननद बच्चों के लिए कुछ रुपये दे गई थी। बुधवार को पति ने वही रुपये शराब के लिए मांग लिए। पत्नी ने मना किया तो कहर टूट पड़ा। मारपीट में हाथ टूट गया। बहू को पिटता देख सास दौड़ी तो बेटे ने मां पर भी हाथ उठा दिया।