उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में हैवान बने पति ने पहले गड़ासे से पत्नी पर वार करना शुरू किए। लहूलुहान होकर पत्नी जमीन पर गिर गई। उसने समझा वो मर गई है। जिसके बाद आरोपी ने अपने ही दो साल के बेटे को गड़ासे से काटकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
विज्ञापन
ये मामला नगला खंगर थाना क्षेत्र के गांव जेमतपुर का है। सोमवार रात नशे की हालत में हैवान बने युवक ने मामूली विवाद में पत्नी और तीन वर्षीय बेटे की बका से गला काट दिया। पुलिस और ग्रामीण दोनों को शिकोहाबाद के सरकारी अस्पताल लेकर आए। वहां से मां-बेटे को आगरा रेफर कर दिया गया। वहां डाक्टर ने बेटे को मृत घाेषित कर दिया। मां की हालत गंभीर बनी हुई है। महिला के पिता ने दामाद के विरुद्ध जानलेवा हमला और हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
रेनू (28) अपने तीन वर्षीय बेटे किट्टू के साथ रात 10 बजे सोने की तैयारी कर रही थी। इस बीच रेनू का पति नरेंद्र कुमार यादव उर्फ रिंकू शराब के नशे में घर पहुंचा। रेनू ने शराब पीकर घर आने का विरोध किया तो पति-पत्नी में विवाद हो गया। इस दौरान नरेंद्र ने घर में रखे बका से पत्नी पर कई वार किए। वह चीखती हुई पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार अंशुल के घर गई लेकिन पति उसे वहां से घर में खींच लाया।
उसने पत्नी के गले पर वार किया। इससे उसका गला कट गया। इसके बाद उसने अपने मासूम बेटे किट्टू पर भी हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद वह बका लेकर भाग गया। आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। नगला खंगर थाना प्रभारी गिरीश कुमार ने घायल मां-बेटे को सरकारी अस्पताल भिजवाया। वहां से दोनों आगरा रेफर कर दिए गए। रात 11 बजे मासूम की मौत हो गई।
पुलिस से घटना की सूचना पर मथुरा के महावन क्षेत्र से मायके पक्ष के लोग भी जैमतपुर आ गए। एसपी ग्रामीण अखिलेश कुमार भदौरिया और सिरसागंज सीओ विनीत कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। रेनू के पिता राज बहादुर ने पति पर मंगलवार को लिखवाई गई प्राथमिकी में आरोप लगाया कि उनकी पुत्री की शादी नौ वर्ष पहले हुई थी। वह आए दिन रेनू की पिटाई करता था। इस कारण उनकी पुत्री मायके में अधिक रहती थी।
दो दिन पहले मायके से रेनू और किटटू को लेकर आया था नरेंद्र
रेनू के भाई देवेंद्र यादव ने बताया कि उनका बहनोई नोयडा में कपड़ा सिलाई की मशीन चलाता है। एक माह पूर्व उसकी बहन रेनू अपने बेटे के साथ मायके नगला हरजीत महावन मथुरा में आ गयी थी। लेकिन 21 सितंबर को नरेंद्र उनके घर आया और झगड़ा न करने की बात कह कर रेनू और किटटू को अपने साथ लेकर जैमतपुर पहुंच गया। देवेन्द्र ने बताया कि पहले भी कई बार नरेन्द्र ने शराब के नशे में रेनू के साथ मारपीट की थी और 23 तारीख की रात को उसने अपने बेटे की हत्या कर दी और बहन को भी मरणासन्न हालत में छोड़कर फरार हो गया।
चिल्लाती रही रेनू, नहीं बचाने आए पड़ोसी
23 तारीख की रात जब नरेंद्र रेनू के साथ मारपीट कर रहा था तो उसकी चीख पुकार मोहल्ले के सभी लोग सुन रहे थे लेकिन जब नरेंद्र ने उसे मारने के लिए फरसा उठाया तो रेनू खुद को और अपने बच्चे की जान को बचाने के लिए अपने पड़ोस के परिवार के घर में कूद गई, लेकिन वहां भी लोगों ने उसे बचाने का प्रयास नही किया। इतना ही नही घर के दरवाजे पर जब नरेंद्र रेनू और किटटू पर वार पर वार कर रहा था तो पूरा मुहल्ला तमाशबीन बना देख रहा था इतना ही नही घटना को अंजाम देने के बाद नरेंद्र मौके से बेखौफ होकर फरार हो गया।
पति शराब का लती है, शराब के नशे में पत्नी व बेटे के साथ मारपीट की गई है। इसमें बेटे की मौत हो गई है। पत्नी का मरणासन्न हालत में आगरा में उपचार चल रहा है। पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। - अखिलेश भदौरिया, एसपी ग्रामीण