पत्नी को तीन तलाक के बाद पुलिस गिरफ्त में आरोपी पति
- फोटो : अमर उजाला
मलपुरा थाना पुलिस ने तीन तलाक के आरोप में ईदगाह कटघर निवासी जुकरू रहमान को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ केस उसकी पत्नी तरन्नुम ने दर्ज कराया। आरोप है कि जुकरू ने मदरसे की छात्रा से निकाह के लिए उसे तलाक दिया। पुलिस इस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही थी।
इस पर तरन्नुम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा। मुख्यमंत्री कार्यालय के हस्तक्षेप के बाद पुलिस हरकत में आई और कार्रवाई की। तीन तलाक पर आए अध्यादेश के बाद आगरा में यह पहली गिरफ्तारी हुई है।
आगरा के सदर बाजार स्थित धोबी मोहल्ला की रहने वाली तरन्नुम पुत्री स्वर्गीय जाहिद अली ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर पति द्वारा की जा रही ज्यादती और बेवजह तलाक दिए जाने पर कार्रवाई की मांग की थी। मुख्यमंत्री कार्यालय के अफसरों ने पीड़िता तरन्नुम से संपर्क कर मामले की जानकारी हासिल की है।
उसके बाद मलपुरा पुलिस ने आरोपी जुकरू रहमान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। मलपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जुकरू पर मुस्लिम मैरिज प्रोटेक्शन एक्ट भी लगाया गया है। मारपीट, बलवा, पहली पत्नी के होते दूसरी शादी करने की धाराएं भी लगी हैं।
यह है पूरा मामला
तरन्नुम पुत्री स्वर्गीय जाहिद अली, निवासी धोबी मोहल्ला, सदर बाजार, आगरा की निवासी है। उसकी शादी जुकरू रहमान पुत्र जहूर खान निवासी कटघर, ईदगाह, थाना रकाबगंज, आगरा के साथ हुई थी।
उसके तीन बच्चे हैं। जुकरू फिलहाल मलपुरा में रहता है। तरन्नुम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर शिकायत करते हुए कहा कि जुकरू रहमान ने एक मदरसे की छात्रा से दूसरी शादी कर ली। इसके बाद उसे (तरन्नुम को) एक साथ तीन तलाक बोलकर घर से बाहर निकाल दिया।
तरन्नुम (तलाक पीड़िता) का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुझे न्याय की उम्मीद थी, इसलिए ही शिकायत की, मैं पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट हूं, सीएम का धन्यवाद।