ऑनलाइन हाफ मैराथन में हिस्सा ले रहे एथलीट प्रमोद कटारा पर रविवार सुबह एक युवक ने बांक से हमला बोल दिया। जान से मारने की धमकी देकर बैग लूट लिया। ग्रामीण और राहगीरों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया। सूचना पर पुलिस आ गई। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। उसने बताया कि छह दिन से भूखा था। शनिवार रात को रोटी मिली। पेट नहीं भरा, इसलिए दोबारा भूख लगने पर खाने का टिफिन होने की उम्मीद में बैग छीना था। पुलिस से यही कहा कि जो कार्रवाई करनी है कर दो, पहले खाना खिला दो। इस पर पुलिस उसे थाने ले गई।
अर्जुन नगर, शाहगंज निवासी एथलीट प्रमोद कटारा ने बताया कि इनर रिंग रोड पर वह रोजाना दौड़ लगाने जाते हैं। होटल रमाडा के पास अचानक एक युवक उनके सामने आ गया। उन्हें रोककर बोला कि अपना बैग दो। उन्होंने उससे कहा कि बैग में सिर्फ पानी की बोतल है। आरोपी युवक के पास भी एक बैग था। उसने बैग से एक बांक निकाल लिया। हमला करने लगा।
Corona In Mainpuri: वृद्धाश्रम के कर्मचारियों सहित 52 कोरोना पॉजिटिव मिले, संख्या 1500 के पार
वह अपनी फुर्ती और साहस से बच गए। मगर, वह उनसे बोला कि यहीं मार देगा, बैग दो। प्रमोद घबरा गए। उन्होंने पीछे हटकर शोर मचाया। मगर, कोई मदद को नहीं आया। कुछ गाड़ी वाले रुके, लेकिन चले गए। ग्रामीण भी काफी दूर नजर आ रहे थे। प्रमोद ने पीठ पर टंगा बैग दे दिया। इसके बाद भाग निकले। आरोपी बैग खोलने लगा। प्रमोद के भाई सुनील दो किलोमीटर दूर खड़े थे, वह आ गए। तब तक कुछ ग्रामीण और ऑटो में सवार लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।