डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्मोत्सव पर लगाए जाने के लिए मंगाए गए सैकड़ों पौधे भाजपा कार्यालय के बाहर खुले में पड़े-पड़े वाहनों के पहियों और बारिश से बर्बाद हो गए। मामला सामने आने के बाद पार्टी नेताओं ने बचे हुए पौधों को हटवाया।
आगरा में जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्मोत्सव पर सैकड़ों पौधे लगने से पहले भाजपा कार्यालय के बाहर खुले में बर्बाद हो गए। उन्हें आने-जाने वाले वाहनों के पहियों ने रौंद डाला। बची-खुची कसर बारिश ने पूरी कर दी। बृहस्पतिवार को जब अमर उजाला ने पौधों के बारे में पड़ताल की तो भाजपा नेताओं की नींद टूटी और बचे-खुचे पौधों को मौके से हटाया गया।
डॉ. मुखर्जी के जन्मदिन 6 जुलाई पर पौधरोपण अभियान आयोजित किए जाने का भाजपा केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व ने निर्देश जारी किया था। इस पर महानगर भाजपा ने वन विभाग से कार्यालय पर पौधे मंगाए लेकिन उन्हें सुरक्षित स्थान पर नहीं रखा। जयपुर हाउस स्थित क्षेत्रीय भाजपा कार्यालय के बाहर बनी मजार के पास खुले में ही छोड़ दिया। 6 जुलाई को नवनियुक्त भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने कुछ पदाधिकारियों के साथ जयपुर हाउस में ही पौधरोपण किया था।
इसके बाद बाकी रखे पौधे रोपे नहीं गए बल्कि कार्यकर्ताओं के वाहनों के टायरों तले रौंद दिए गए। तीन दिन तक खुले और बारिश में मिट्टी के बह जाने से बर्बाद होने तक किसी भाजपा नेता ने पौधों की सुध नहीं ली। बृहस्पतिवार को अमर उजाला ने पड़ताल की तो नेताओं ने सफाई देना शुरू कर दिया। पार्टी के महानगर मंत्री व पौधरोपण अभियान के प्रभारी अनिल सारस्वत ने कहा कि कई कार्यक्रमों की वजह से बचे पौधों को हटाया नहीं जा सका। अब पौधों को पौधरोपण के लिए संबंधित मंडलों को भेज दिया गया है।