हाथी घाट को एत्माउद्दौला से जोड़ने वाले यमुना पर बना आंबेडकर पुल 20 दिन और बंद रहेगा। 15 जून तक पुल पर मरम्मत कार्य चलेगा। ऐसे में वाटर वर्क्स चौराहे से जीवनी मंडी और यमुना किनारा तक जाम की समस्या से जूझना होगा। पुल पर आवागमन पिछले 4 दिन से बंद है।
21 मई की रात आई तेज आंधी ने आंबेडकर पुल को हिला दिया था। पुल पर लगी भारी जालियां टूटकर नदी में गिर गई थीं। पुल कई जगह से क्षतिग्रस्त है। डीएम के निर्देश पर पुल की मरम्मत कराई जा रही है। सेतु निगम परियोजना प्रबंधक आरबी दिवाकर ने बताया कि नगर निगम की लापरवाही से पुल क्षतिग्रस्त हुआ है। जालियां हटाने के लिए पत्र लिखा था। जालियां नहीं हटीं तो खतरा बना रहेगा। निगम ने जालियां हटाने का काम शुरू कर दिया है। इसके बाद पुल पर दोनों तरफ फुटपाथ बनेगा। तकनीकी जांच के बाद पुल यात्रियों के लिए शुरू होगा। उन्होंने कहा कि 20 से 25 दिन तक इस कार्य में लग सकते हैं।
उधर, पुल बंद होने से वाटर वर्क्स चौराहे पर दिनभर जाम लग रहा है। पुलिस चौकी और यातायात पुलिस बूथ के बावजूद यहां यातायात व्यवस्थित नहीं हो पा रहा। ताजमहल आने वाले पर्यटक यमुना किनारा होकर जाते हैं। वाटर वर्क्स पुल पर जाम की वजह से आंबेडकर पुल वैकल्पिक मार्ग था। आंबेडकर पुल बंद होने से वाटर वर्क्स पर यातायात अधिक है। यात्री वाहनों के अलावा भारी वाहन भी यहां से गुजरते हैं। ऐसे में जाम लगता है। हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।