आगरा में मसाला बनाने की फैक्टरी में लगी भीषण आग
- फोटो : संवाद
उत्तर प्रदेश के आगरा में फाउंड्री नगर में रविवार दोपहर को दोमंजिला मसाला फैक्टरी में आग लग गई। कुछ देर में लपटें भूतल से प्रथम तल तक पहुंच गईं। अग्निकांड के वक्त महिलाओं सहित करीब छह कर्मचारी फैक्टरी में थे। मिर्च-मसालों की धांस से उनका बुरा हाल हो गया। दमकलकर्मियों ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बारह भाई गली, बेलनगंज के सचिन गर्ग की फाउंड्री नगर में एसएसडीआर इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के नाम से मिर्च-मसाले की फैक्टरी है। परिसर में सिक्योरिटी गार्ड का परिवार रहता है। इसके बेसमेंट में पानी भर गया था। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण फैक्टरी में काम बंद था।
कर्मचारी बेसमेंट से पानी निकाल रहे थे। फैक्टरी मालिक भी मौजूद थे। भूतल पर सफाई कर रही कर्मचारी नीलम ने धुआं और चिंगारी देखकर शोर मचाया। कर्मचारी आग बुझाने में जुट गए। मिर्च-मसालों के जलने से धांस अधिक थी, खांसी और आंखों में जलन से लोग बेहाल हो गए। वहां खड़े होना मुश्किल हो गया।
करीब 40 मिनट के बाद दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि फैक्टरी में आग बुझाने के कोई इंतजाम नहीं थे। बिना एनओसी के संचालित की जा रही थी। इस कारण आग तेजी से फैल गई। उन्होंने बताया कि दमकल देरी से आने वाली बात ठीक नहीं है। दमकल को 25 मिनट बाद सूचना दी गई थी।
चौकीदार ने ताला तोड़कर एमसीबी बंद की
फैक्टरी के चौकीदार पवन कुमार और उनकी पत्नी ने लपटें देखीं तो ताला तोड़ा और इसके बाद एमसीबी बंद की ताकि कहीं पानी डालने से करंट नहीं फैल जाए। हादसे के पीछे शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
कर्मचारी फंसे होने की आशंका, उड़े होश
मसाला फैक्टरी में भीषण आग लगने के बाद कई कर्मचारी बाहर निकल आए। सफाई करने के लिए फैक्टरी में कुछ लोग मौजूद थे। दमकलकर्मियों को बताया गया कि कुछ लोग फंसे हुए हैं। उन्होंने तेजी से आग बुझाई। हालांकि आग लगने से पहले सभी बाहर निकल आए थे। आसपास पानी का इंतजाम नहीं होने पर दमकलों ने फाउंड्री नगर बस डिपो से पानी लिया।