आगरा में एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में बड़ी संख्या में हड्डी के मरीज पहुंच रहे हैं। लोगों को गठिया व साइटिका दर्द दे रहा है। भीड़ की वजह से पर्चा बनवाने में धक्का-मुक्की रही।
उत्तर प्रदेश के आगरा में एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मंगलवार को भी मरीजों की भीड़ रही। धक्का-मुक्की के बीच लोगों ने डॉक्टर को दिखवाने के लिए पर्चा बनवाया। एसएन की ओपीडी में 3240 मरीजों ने दिखाया। सर्दी अधिक होने व कोहरे की वजह से हड्डी व अन्य बीमारियों के जो मरीज नहीं निकल रहे थे, अब मौसम ठीक होने पर वह अस्पतालों का रुख कर रहे हैं। जिला अस्पताल में भी मरीजों की भीड़ रही।
विज्ञापन
एसएन मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को सर्वाधिक 741 मरीज मेडिसिन विभाग की ओपीडी में पहुंचे। इसमें 579 नए व 162 पुराने मरीज रहे। खांसी-जुकाम व बुखार के मरीजों की संख्या अधिक रही। ब्लडप्रेशर, डायबिटीज के साथ सांस के रोगी भी बड़ी संख्या में आए। 349 मरीजों ने हड्डी रोग विभाग में दिखाया।
आसपास के जिलों से भी पहुंचे रोगी
हड्डी रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अमृत गोयल ने बताया कि ओपीडी में इस समय साइटिका, गठिया, चोट के मरीजों की संख्या अधिक है। कोहरे व कड़ाके सर्दी में जो लोग रुके हुए थे, अब अस्पताल पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में आगरा के अलावा फिरोजाबाद, मथुरा व अन्य जिलों के मरीज भी पहुंच रहे हैं।