उत्तर प्रदेश के आगरा में होली के लिए चलाईं विशेष ट्रेनें भी यात्रियों की भीड़ के आगे अपर्याप्त रहीं। ट्रेनें फुल चल रही हैं। रिजर्वेशन कंफर्म नहीं होने पर भी लोग सफर कर रहे हैं। तमाम यात्री तो खड़े होकर यात्रा करने को मजबूर हैं। रविवार को होलिका दहन और सोमवार को होली खेली जाएगी।
ऐसे में अधिकांश लोग शनिवार को अपने घर जाना चाह रहे हैं। इसके चलते आगरा कैंट, आगरा फोर्ट स्टेशन पर सबसे ज्यादा भीड़ रही। ट्रेनों की बोगी भी फुल थीं। बैठने के लिए सीट नहीं मिली तो खड़े होकर सफर किया। रेलवे ने भी होली पर 50 से अधिक ट्रेनें चलाईं, लेकिन यह भी अपर्याप्त हैं।
कमला नगर निवासी अमित ठाकुर ने बताया कि परिवार सहित हिमाचल प्रदेश जाना है। दो-तीन दिन अवकाश है, ऐसे में शनिवार को ही जा रहा हूं। ट्रेन और स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ रही। बच्चों को ज्यादा परेशानी हुई। ऐसे में खुद खड़ा होकर बच्चों को सीट दी। रेलवे वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि होली पर ट्रेनों में यात्रियों की संख्या डेढ़ गुना से अधिक बढ़ गई है। इसी के चलते स्टेशन और ट्रेनों में भी भीड़भाड़ है।