त्योहारी सीजन में शहर के बाजार जाम की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन इसका कोई समाधान नहीं निकाल सका। बुधवार को शहर के कई बाजारों में दोपहर दो बजे से रात आठ बजे तक जाम लगा रहा। लेकिन पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। मंगलवार की साप्ताहिक बंदी के बाद बुधवार को त्योहार की खरीदारी के लिए लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। इस कारण जाम लगा रहा। जाम का एक कारण बड़े वाहनों का बाजार में घुसना भी रहा। वहीं, दुकानों के आगे खड़ी मोटरसाइकिलें भी लोगों का रास्ता रोक रही थीं।
होली गेट के पास बाजार में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
शहर के होली गेट, भरतपुरगेट, घीया मंडी, चौक बाजार, कृष्णा नगर, महोली रोड, छत्ता बाजार और कोतवाली रोड पर दिवाली की खरीदारी के लिए लोग पहुंचे। दोपहर दो बजे के बाद बाजार में भीड़ बढ़ती गई। सबसे ज्यादा समस्या होलीगेट चौराहे और कोतवाली रोड पर हुई। डीग गेट से होली गेट जाने वाले रास्ते पर बड़े वाहन पहुंच गए, जिस कारण होली गेट से पहले ही कोतवाली रोड पर जाम लग गया। साथ ही दुकानों के बाहर मोटरसाइकिलें खड़ी हो गईं, जो जाम का कारण बन गईं। होलीगेट पर मौजूद पुलिसकर्मी भी मूकदर्शक बने रहे। यही हालत कृष्णा नगर और छत्ता बाजार का भी रह। रात आठ बजे तक बाजारों में जाम की स्थिति रही।
होलीगेट पर बाजार में रहे जाम के हालात
- फोटो : अमर उजाला
मौसम में बदलाव आते ही कोरोना संक्रमण में बढ़ोत्तरी हो रही है, लेकिन प्रशासन की ढिलाई से लोग भी बेपरवाह हो गए हैं। दिवाली को लेकर बाजार में लोगों की भीड़ है। लोग कोविड-19 के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। न मास्क लगा रहे न ही सामाजिक दूरी का पालन किया जा रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी सख्ती के नाम पर खानापूरी कर रहे हैं।
दिवाली 2020: दीपोत्सव की तैयारियों के लिए दीप खरीदते लोग
- फोटो : अमर उजाला
त्योहारी सीजन में शहर के बाजार जाम से जूझ रहे हैं, लेकिन यातायात पुलिस कहीं दिखाई नहीं दे रही। एक नवंबर से पुलिस यातायात माह चला ही है, लेकिन इसका असर कहीं दिखाई नहीं दे रहा। माह की शुरुआत करते हुए एसपी सिटी उदय शंकर सिंह ने यातायात व्यवस्था में सुधार की बात कही थी, लेकिन धनतेरस से एक दिन पहले ही शहर के बाजार छह घंटे तक जाम से जूझते रहे।
जाम
- फोटो : अमर उजाला
यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। त्योहार के सीजन में अधिक लोग बाजार पहुंच रहे हैं इस कारण कुछ समस्या हुई है। बड़े वाहनों को बाजार में जाने से रोकने के लिए निर्देश दिए हैं। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। - कमल किशोर, एसपी ट्रैफिक