मैनपुरी। आश्रित पात्र योजना में 247 लोगों का चयन किया गया है। योजना के तहत लाभ पाने के लिए 367 लोगों ने आवेदन किया था। औपचारिकताएं पूरी नहीं होने तथा आवेदन अपूर्ण होने पर 120 आवेदन निरस्त कर दिए गए।
आपराधिक वारदातों में लाभकारी योजना के तहत पीड़ितों को मुआवजा दिया जाता है। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल के बाद शासन ने पीड़ितों के साथ ही उनके आश्रितों को भी मुआवजा देने का निर्णय लिया है। एक साल पहले शुरू की गई योजना में अब पीड़ितों के साथ ही उनके आश्रित भी मुआवजा पाने के हकदार माने गए हैं।
आश्रित पात्र योजना में लाभ पाने के लिए चालू वर्ष में 367 लोगों ने आवेदन किए हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से इन आवेदनों को समाज कल्याण विभाग को भेजा गया। विधिक सेवा प्राधिकरण की रिपोर्ट के बाद पात्रता के आधार पर 247 पात्रों का आश्रित पात्र योजना में चयन किया गया है।
एक लाख तक का मिलता मुआवजा
आपराधिक वारदातों में पीड़ितों के आश्रितों को अपराध की गंभीरता के हिसाब से मुआवजा दिया जाता है। इस योजना में आश्रितों को 25 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक का मुआवजा अपराध की गंभीरता के हिसाब से ही मिलेगा। मुआवजा की राशि भी मुआवजा समिति तय करेगी।
आश्रित पात्र योजना में पात्र आवेदकों को योजना का लाभ अपराध की गंभीरता से तय किया जाता है। आवेदकों को औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मुआवजा समिति ही मुआवजा की राशि तय करती है। पीड़ितों को उनका हक दिलाने केे लिए एक मौका और दिया जाएगा। - अमित मिश्रा, सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण