22एमएनपी-21-बिना मास्क के वाहन चलाने वालों का चालान कटवाते डीएम और एसपी
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। कुरावली में 30 कोरोना पॉजिटिव एक्टिव हैं। संक्रमण रोकने को हर गली में बैरियर लगाकर आवागमन पूरी तरह रोक दें। बाजार पूरी तरह बंद रहें, हॉटस्पॉट एरिया में हर हाल में आवाजाही रोकी जाए। यह निर्देश डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बुधवार को दिए।
बुधवार को डीएम ने कस्बा कुरावली का भ्रमण किया। एसडीएम और सीओ से स्थिति की जानकारी लेकर अधिकारियों के साथ बाजार में पैदल भ्रमण किया। डीएम ने अधिकारियों से कहा पांच-छह दिन में कुरावली में कोरोना पॉजिटिव कई मरीज मिले हैं। लोग कुछ दिन अपने घरों में ही रहें। बेवजह घरों से बाहर न निकलें। मास्क लगाएं और सामाजिक दूरी का पालन करें।
इंस्पेक्टर कुरावली को निर्देश दिए कि कंटेनमेंट जोन की मुख्य गलियों पर बांस-बल्ली लगाकर पुलिसकर्मियों की तैनाती करें। एसडीएम कुरावली अनूप कुमार, सीओ कुरावली दद्दन प्रसाद गौड़, इंस्पेक्टर कुरावली शिव कुमार चौहान मौजूद रहे।
रोडवेज परिचालक से जुर्माना वसूला
डीएम ने जीटी रोड पर बेवर डिपो की बस को रुकवा लिया। जिलाधिकारी ने बस पर तैनात स्टॉफ के साथ ही यात्रियों के मास्क चेक किए। परिचालक अनुज कुमार ने मास्क नहीं पहन रखा था। इस पर पांच सौ रुपये का जुर्माना वसूला। इसके अलावा 15 अन्य वाहन चालकों से मास्क न लगाने पर साढ़े सात सौ रुपये जुर्माना वसूला। हलवाई राजवीर सिंह, क्षेत्रीय खाद्य भंडार के स्वामी सुभाष चंद्र, राहगीर सुखवीर, लखमीचंद, इस्लामउद्दीन, आशीष पांडे से भी मास्क नहीं लगाने पर पांच-पांच सौ रुपये जुर्माना वसूला गया। कुल 16 हजार रुपये जुर्माने के रूप में वसूल किए गए।