कोसीकलां में हॉटस्पाट क्षेत्र में मरीज को इलाज के लिए स्टैक्चर पर ले जाते लोग। संवाद
- फोटो : KOSI
कोसीकलां। आर्यनगर को प्रशासन द्वारा हॉटस्पॉट क्षेत्र घोषित करने के बाद मरीजों एवं वहां के लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। रविवार की दोपहर में एक मरीज को हॉस्पिटल जाने से रोक दिया गया। बाद में अस्पताल से स्ट्रेचर मंगाकर उसे भेजा गया।
नौ मई को चिकित्सक दंपती के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद आर्य नगर को हॉटस्पॉट क्षेत्र घोषित कर सील कर दिया गया। जिससे वहां के लोगों की परेशानी और बढ़ गई। नगर के प्रमुख हॉस्पिटल इसी क्षेत्र में होने के कारण मरीजों के साथ वहां के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रविवार की दोपहर में एक मरीज को लेकर परिवारीजन कार से वहां जाने लगे तो बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने रोक दिया। मरीज की गंभीर हालत देखने के बाद परिजनों ने पुलिसकर्मियों से अनुरोध किया तो उन्होंने हॉटस्पॉट क्षेत्र से बाहर हॉस्पिटल से स्ट्रेचर मंगाया, जब जाकर मरीज को उपचार के लिए भर्ती कराया।