मैनपुरी। जिला अस्पताल में तैनात सभी दस वार्ड ब्वॉय से काम में लापरवाही बरतने के चलते सीएमएस ने स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही मामले में विभागीय जांच भी शुरू करा दी है।
जिला अस्पताल में दस वार्ड ब्वॉय की तैनाती है। बावजूद इसके तीमारदारों को यहां स्ट्रेचर खींचते हुए देखा जाता है। शनिवार के अंक में अमर उजाला ने समाचार प्रकाशित करके तीमारदारों की परेशानी को उजागर किया। खबर का सीएमएस डॉ. आरके सागर ने संज्ञान लिया। शनिवार को सीएमएस ने सभी वार्ड ब्वॉय तलब किए।
सभी को निर्देश जारी किए कि वह शुक्रवार को अपनी ड्यूटी के संबंध में स्पष्टीकरण दें। वह लोग कहां थे, जब तीमारदार स्वयं स्ट्रेचर खींच रहे थे। सीएमएस ने डॉक्टरों और स्टाफ नर्स को भी निर्देश दिए कि वार्ड ब्वॉय से हर जरूरी कार्य लिया जाए। इससे कि मरीजों और तीमारदारों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। सीएमएस ने वार्ड ब्वॉय के कार्यों की जांच के लिए एक टीम गठित की है। ये टीम वार्ड ब्वॉय के कार्यों की जांच करेगी।
वार्ड ब्वॉय के कार्यों की जांच शुरू करा दी गई है। जिन स्थानों से स्ट्रेचर पर तीमारदार खींच रहे थे, उन स्थानों पर तैनात वार्ड ब्वॉय से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डॉ.आरके सागर, सीएमएस जिला अस्पताल