कासगंज। पटियाली स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक विनोद कुमार ने दरियावगंज में संचालित अस्पताल और पटियाली के क्लीनिक के संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दरियावगंज के कृष्णा अस्पताल व पटियाली के अरविंद क्लीनिक के संचालक के फर्जी होने की शिकायत जिलाधिकारी से की गई थी। जिलाधिकारी ने क्षेत्र के नायब तहसीलदार को मामले की जांच सौंपी। उनके द्वारा की गई जांच में मामला सही पाया गया। इसके बाद उन्होंने अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने सीएमओ डॉ. अनिल कुमार को अस्पताल व क्लीनिक के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। पटियाली के अधीक्षक डॉ. विनोद कुमार ने कोतवाली पुलिस को अस्पताल व क्लीनिक के संचालकों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। अधीक्षक ने बताया कि अभी अस्पताल व क्लीनिक के संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। अभी सील करने की कार्रवाई नहीं की गई है। संचालकों के पास मेडिकल की कोई डिग्री नहीं थी और न हीं उनकां पंजीयन ही हुआ था।