केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाइक ने कहा कि जल्द ही एम्स की तर्ज पर होम्योपैथी और आयुर्वेद इंस्टीट्यूट खोले जाएंगे। दोनों ही चिकित्सा पद्धति सस्ती और कारगर हैं, इसे गांव-गांव पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार प्रयासरत है। सोमवार को डा. पारीक होम्योपैथिक एवं रिसर्च सेंटर में 17वें प्रशिक्षण शिविर और सेमिनार के उद्घाटन अवसर पर आए केंद्रीय मंत्री ने विचार प्रकट किए।
उन्होंने कहा कि होम्योपैथी और आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के प्रचार-प्रसार के लिए को केंद्र सरकार बड़ी पहल करने जा रही है। एम्स की तर्ज पर दिल्ली में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ होम्योपैथी और आल इंडिया इंस्टीट्यूट आफ आयुर्वेद खोले जाएंगे। बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने कहा कि शिलांग में आयुर्वेद रिसर्च सेंटर की तर्ज पर ही हर प्रदेश में ये सेंटर खोले जाएंगे।
‘जेएनयू की घटना को कोई सही नहीं ठहरा सकता’
आगरा। केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाइक ने जेएनयू विश्वविद्यालय में भारत विरोधी कार्यक्रम को बड़ी साजिश करार दिया। कहा, आतंकी अफजल गुरू को शहीद बता भारत मुर्दाबाद के नारे लगते हैं। देश के टुकड़े करने की कसमें खाकर कश्मीर आजादी को हुंकार भरी जाती है। देश के लिए इससे बड़ा दुर्भाग्य और क्या होगा। विपक्ष पर हमलावर नाइक बोले, तमाम राजनीतिक दल भारत विरोधी कार्यक्रम को सही ठहराते हुए आरोपियों के समर्थन में उतर आए हैं। इससे बड़ी शर्मनाक स्थिति नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर सभी दलों को राजनीति छोड़ एक मंच पर आना चाहिए। उन्होंने विपक्षियों को चेताया कि जनता सब देख रही है और जेएनयू घटना को कोई भारतीय सही नहीं ठहरा सकता।