केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह
- फोटो : अमर उजाला
आगरा डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेने आ रहे गृहमंत्री राजनाथ सिंह छह घंटे से अधिक शहर में रहेंगे। इस बीच वह भारत केशरी दंगल और आगरा महोत्सव भी जाएंगे। गृहमंत्री बनने के बाद सोमवार पहली बार आगरा आ रहे राजनाथ सिंह के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
गृहमंत्री पूर्वाह्न 10:30 बजे खेरिया के एयरफोर्स स्टेशन पर उतरेंगे। यहां से वह सीधे दीक्षांत समारोह में शिरकत करने के लिए खंदारी कैंपस पहुंचेंगे। अपराह्न 12:45 से 1:15 बजे तक का समय खंदारी कैंपस में ही आरक्षित रखा गया है। यहां से नार्थ ईदगाह कालोनी जाएंगे। अपराह्न 2:15 बजे जीआईसी मैदान पहुंचेंगे। जहां वह भारत केशरी दंगल के समापन समारोह में भाग लेंगे।
यहां वह दंगल के विजेताओं को पुरस्कृत भी करेंगे। सवा चार बजे कोठी मीना बाजार मैदान पर आयोजित आगरा महोत्सव में पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम में भाग लेने के बाद उनका काफिला खेरिया हवाई अड्डे पहुंचेगा, जहां से वह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। गृहमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं।