मथुरा में रंगभरनी एकादशी पर रविवार को श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर लठमार होली के साथ रंग और गुलाल उड़ेगा। यहां लीला मंच पर होली की उमंग से कलाकार सराबोर होंगे। फूलों की होली ब्रज और राजस्थान के कलाकार गीत और नृत्य के बीच होली संबंधित प्रस्तुति देंगे।
बरसाना और नंदगांव के बाद रंगभरनी एकादशी पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में होली महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। रावल और श्रीकृष्ण संकीर्तन मंडल के हुरियारे और हुरियारिनें यहां लठमार होली खेलेंगे। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर होली का रंग और गुलाल उड़ेगा। मंदिर परिसर में भक्त रंग गुलाल के साथ फूलों से भी होली खेलेंगे।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि परंपरागत इस आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस अलौकिक होली के लिए ढाल, ढोल, नगाड़े तैयार हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर लगभग दो बजे कार्ष्णि गुरु शरणानंद महाराज और प्रदेश के ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा करेंगे।