रंगभरी एकादशी के दिन ब्रज के सभी मंदिरों में जमकर अबीर गुलाल और प्राकृतिक फूलों से बना रंग भक्तों के ऊपर डाला गया। इस दौरान भगवान के स्वरूप से भक्तों जमकर होली का लुत्फ उठाया।
मथुरा में हर तरफ रंगोत्सव की धूम मची हुई। ब्रज की प्रसिद्ध होली को देखने और खेलने के देश विदेश से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को रंगभरनी एकादशी पर भगवान द्वारकाधीश मंदिर और बांके बिहारी मंदिर में होली खेली गई। ठाकुर द्वारकाधीश संग भक्तों ने टेसू के फूलों से बने रंग से होली खेली।
विज्ञापन
भक्त भगवान के वेशधारी पात्रों के संग होली खेलने के लिए लालायित नजर आए। जैसे ही प्रसाद रूपी अबीर गुलाल और रंग भक्तों के ऊपर डाला गया, तो भक्त ठाकुर द्वारकाधीश की भक्ति में सराबोर हो गए। इस अलौकिक पल का हर कोई साक्षी बनने के लिए बेताब था। भगवान के साथ होली खेलने के लिए भगवान द्वारकाधीश मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर में भी होली की मस्ती में भक्त अपने भगवान के साथ झूमते नजर आए। प्रसाद रूपी अबीर गुलाल और रंग से श्रद्धालुओं को रंगा गया। होली के भजनों पर भक्त थिरकते नजर आए। हर श्रद्धालु इस दरम्यान पूरी तरह प्रभु की भक्ति में सराबोर दिखा। जहां मथुरा वृंदावन के मंदिरों में जमकर अबीर गुलाल की होली खेली जा रही है, वहीं द्वारिकाधीश में होली की अलग ही छठा बिखरी हुई दिखी।