उत्तर प्रदेश के आगरा में जिस होप ऑन, होप ऑफ बस सेवा का मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने दो महीने पहले हरी झंडी दिखाकर शुरुआत की, वह दो महीने में ही फ्लॉप हो गई। मार्च से हो-हो बस सेवा बंद पड़ी है। मंगलवार को मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने आगरा-मथुरा इलेक्टि्क बस सेवा की समीक्षा की, तो यह खुलासा हुआ। जिसके बाद कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश मंडलायुक्त ने दिए हैं।
आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट के तहत 100 ई-बस संचालित हैं। हो-हो बस सेवा फेल होने के बाद मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने अब ई-बसों में एटीएम मशीनों से क्यूआर कोड से टिकट बुकिंग के लिए वन यूपी वन कार्ड बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा आठ से नौ हजार कार्ड हर माह आगरा व तीन हजार कार्ड मथुरा में बनाए जाएं।
फतेहाबाद व एमजी रोड पर 20 यात्री शेल्टर बनाने के निर्देश दिए थे। इनमें 12 शेल्टर तैयार हो चुके हैं। बाकी शेल्टर बनाने से कंपनी ने हाथ खड़े कर दिए। ऐसे में अनुबंधित कंपनी को भी ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने दिए हैं। कैंट रेलवे स्टेशन की पार्किंग में बसों को खड़े करने की जगह नहीं मिलने पर चर्चा की गई। ई-बस सेवा घाटे में चलने पर परिचालकों पर 10.58 लाख रुपये का जुर्माना लगा है।
मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने स्मार्ट सिटी की समीक्षा की। इसमें 43 जंक्शन पर 442 स्मार्ट कैमरों के डेटा, जिसमें 20 जंक्शन ब्लिंक मोड व 2 निष्प्रोज्य मिले। ब्लिंक मोड जंक्शनों का मंडलायुक्त ने एसीपी ट्रैफिक को निरीक्षण कर सुधार के निर्देश दिए। बाकी 267 जंक्शन पर 1076 कैमरे कार्य कर रहे हैं।
स्मार्ट सिटी की समीक्षा के बाद मंडलायुक्त के समक्ष सदर बाजार स्थित क्वींस मैरी लाइब्रेरी और इनडोर स्टेडियम का प्रस्ताव रखा गया। जिसे मंडलायुक्त ने अनुमोदित करते हुए जल्द विस्तृत कार्य योजना (डीपीआर) बनाने के निर्देश दिए हैं।