HMPV Virus Cases in India: चीन में कोरोना वायरस की तरह एक घातक वायरस एचएमपीवी फैल रहा है, जिसका पहला मामला भारत में मिला है। इसके बाद आगरा में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। हालांकि चिकित्सकों ने कहा है कि घबराने की जरूरत नहीं है।
पांच साल पहले सर्दियों का वही समय, जब चीन से कोविड-19 वायरस फैलना शुरू हुआ था। अब चीन से ही शुरू हुए ह्यूमन मेटान्यूमो वायरस (एचएमपीवी) का प्रसार हुआ तो लोगों भय का माहौल हो गया। स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि लोग इससे न घबराएं। एसएन मेडिकल कॉलेज में इसकी जांच के लिए व्यवस्था होगी। अगर कोई लक्षण नजर आता है तो हेल्पलाइन नंबर 87913 93336, 0562-2600412 पर संपर्क कर सके हैं।
विज्ञापन
कर्नाटक, तामिलनाडु, गुजरात और बंगाल में केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि एचएमपीवी से बचाव के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में जांच की व्यवस्था की जाएगी। यह भी खांसने, छींकने से फैलता है। सर्दी, बुखार, कफ की शिकायत इससे हो सकती है। लोग इससे कतई न घबराएं। अगर कोई लक्षण नजर आए तो बिना डरे इसकी जांच कराएं और सीएमओ आगरा कंट्रोल रूम नंबर 87913 93336, 0562-2600412 पर संपर्क कर सकते हैं।
इन बातों का रखें ख्याल:
- बुखार, छींक, खांसी और गले में खराश पर मास्क लगा लें।
- हाथों की साफ-सफाई का ध्यान रखें।
- भीड़भाड़ वाले स्थानों और बेवजह अस्पताल जाने से बचें।
ओपीडी में खांसी, बुखार के मरीज ज्यादा
शीतलहर के बीच सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मंगलवार को 2508 मरीजों ने दवा और परामर्श लिया। नए मरीजों की संख्या 2362 दर्ज की गई। खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या ज्यादा रही। यही हाल जिला अस्पताल का रहा।
कहां पहुंचे कितने मरीज
एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में सबसे ज्यादा मरीज मेडिसिन विभाग में आए। यहां 546 मरीजों ने ओपीडी में परामर्श और दवाएं लीं। हड्डी रोग विभाग में 220 मरीज पहुंचे। नाक, कान गला रोग विभाग में 170 मरीजों ने और त्वचा रोग विभाग में 215 मरीज आए। बाल रोग विभाग में 119 बच्चे पहुंचे, वहीं मानसिक रोग विभाग में भी मरीजों की संख्या 119 दर्ज की गई।