डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में चार प्रश्नपत्रों के आउट होने के प्रकरण की जांच में एसटीएफ लगाई गई है। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय शनिवार को बीएससी तृतीय वर्ष के रसायन विज्ञान के पेपर लीक मामले को लेकर रविवार को सर्किट हाउस में उच्च शिक्षा अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
एसएसपी के साथ ही एसटीएफ के एडीजी को पेपर लीक कांड की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को बीएससी द्वितीय वर्ष के रसायन विज्ञान के पेपर लीक होने की जानकारी पर उन्होंने आगरा कॉलेज के प्राचार्य को एफआईआर कराने के लिए कहा है।
उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि लगातार पेपर आउट होने की घटनाओं को गंभीरता से लिया है। इस मसले पर कुलपति, उच्च शिक्षा अधिकारियों और एसएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ रविवार को सर्किट हाउस में बैठक बुलाई है। इसमें पेपर लीक कांड की जांच रिपोर्ट भी तलब होगी।
बता दें डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का बीएससी द्वितीय वर्ष के रसायन विज्ञान का प्रश्नपत्र भी आउट हो गया। शनिवार को तीसरी पाली में दोपहर तीन बजे से शाम साढ़े चार बजे तक परीक्षा थी। दोपहर 02:12 बजे ही परीक्षार्थियों के मोबाइल (व्हाट्सएप) पर प्रश्नपत्र पहुंच गया। आगरा कॉलेज में परीक्षार्थी के पास से पर्चा बरामद किया गया, हाथ से उत्तर कुंजी बनाई गई थी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शनिवार शाम डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। पहले 11 मई को बीएससी/बीए तृतीय वर्ष के गणित और बीएससी तृतीय वर्ष के जंतु विज्ञान विषय के द्वितीय प्रश्नपत्र और फिर 14 मई को बीएससी द्वितीय वर्ष के रसायन विज्ञान प्रश्नपत्र आउट होने पर परीक्षा नियंत्रक को बर्खास्त करने की मांग की। बीएससी द्वितीय वर्ष की रसायन विज्ञान विषय की परीक्षा निरस्त करने की भी मांग की गई।