एटा के मिरहची बाजार में रविवार सुबह हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। जिस समय तार गिरा वहां कोई नहीं था नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता। बाद में लाइन जोड़ने पहुंचे विद्युतकर्मियों को व्यापारियों के आक्रोश का सामना करना पड़ा।
कस्बा के जिन्हैरा रोड बाजार पर सेंट्रल बैंक के सामने सुबह 8:45 बजे हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर जमीन पर गिर गया। लोग तार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। सराफा कारोबारी दुर्गेश कुमार ने बताया कि हाईटेंशन तार उनकी दुकान से 50 मीटर की दूरी पर टूटकर गिरा। यहां सेंट्रल बैंक, मेगामार्ट, डेंटल क्लीनिक एवं ज्वेलर्स शोरूम के अलावा पटरी पर दर्जनों रेहड़ी व दुकान लगती हैं। जिसके कारण यहां लोगों की काफी भीड़भाड़ दिन भर रहती है। तार टूटने की घटना सुबह के वक्त होने की वजह से भीड़ कम थी।
लोगों ने बताया कि तार टूटकर गिरने के बाद इससे चिंगारी व धुआं निकलता रहा। लाइन जोड़ने पहुंचे विद्युतकर्मियों को लोगों ने काफी सुनाई। व्यापारी रामप्रताप सिंह पप्पू, संतोष, तालेवर सिंह, सीपी सिंह, रंजीत, अनिल लोधी, सुशील कुमार, हरवीर, अतुल कुमार, राजकुमार आदि ने कहा कि हाईटेंशन लाइन के नीचे नियमानुसार जाल नहीं लगाया गया है। जिसकी वजह से हादसों का खतरा रहता है। तार भी जर्जर हाल में हैं।