धौलपुर से अपने पैतृक गांव भागूपुर में माता खेरे पर नेजा चढ़ाते समय मंदिर के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन से नेजा छू जाने से युवक और उसके साले की मौत हो गई। जबकि तीन श्रद्धालु झुलस गए। इनकी भी हालत गंभीर बनी हुई है। जिन्हें आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे से कोहराम मच गया।
भूपेंद्र सिंह पुत्र तिलक सिंह हाल निवासी धौलपुर अपने पैतृक गांव भागूपुर माता खेरे पर मनोकामना पूर्ण होने पर नेजा चढ़ाने के लिए शुक्रवार को आए थे। साथ उसके ससुराल पक्ष व गांव में रहने वाले परिवार के लोग भी थे। दोपहर में नेजा चढ़ाने के लिए सभी मंदिर पर पहुंचे।
मंदिर परिसर पर लगे नीम के पेड़ पर नेजा लगा रहे थे तभी नेजा वहां से गुजरी हाईटेंशन लाइन से छू गया। इससे तेज धमाके के साथ नेजा के टुकडे़ हो गए। आग के गोलों के रूप में नीचे चिंगारियां गिरने लगी। नेजा पकडे़ युवक करंट की चपेट में आ गए। हादसे से पुकार मच गई।