आगरा। थाना ट्रांसयमुना क्षेत्र में मंडी समिति के पास नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार एक वाहन ने ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो में सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, तो चालक घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि खेड़ीपुल, फरीदाबाद निवासी मिथिलेश (50) पत्नी स्व. सूरजपाल सिंह अपने बेटे सोनू के साथ टूंडला स्थित गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ऑटो से जा रही थीं। बेटा सोनू ऑटो चलाता है। मंडी समिति के पास रामबाग की ओर से आ रही मैक्स ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मिथिलेश गंभीर रूप से घायल हो गईं । करीब 15 मिनट तक तड़पने के बाद उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं ऑटो चालक सोनू घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घायल सोनू को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।