आगरा में जीएसटी लागू होने से एक दिन पहले आटो मोबाइल्स, इलेक्ट्रानिक्स दुकानदार पुराना स्टॉक खत्म करने की जद्दोजहद में लगे रहे। कई स्थानों पर उत्पादों पर छूट भी दी जा रही थी। शाह मार्केट के मोबाइल बाजार में भी आफरों की भरमार थी। पुराना स्टॉक खत्म करने के लिए दुकानदार उतावले थे तो ग्राहकों ने भी इस मौके को जमकर भुनाया। एलईडी, लैपटाप, टीवी, एसी, वाशिंग मशीन जैसे इलेक्ट्रानिक उत्पादों की खरीदारी का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।
एक जुलाई से लागू होने वाले वस्तु एवं सेवाकर से पहले थोक दुकानदारों की कोशिश अपने पुराने स्टॉक को खत्म करने की रही। इसका असर इलेक्ट्रानिक के उत्पाद पर सबसे ज्यादा दिखाई दिया। इन उत्पादों को जीएसटी में 28 फीसदी टैक्स के दायरे में रखा गया है।
यही कारण रहा कि संजय प्लेस, भगवान टाकीज, कमला नगर, किनारी बाजार, सदर बाजार, शाहगंज, बोदला, कारगिल मार्केट सभी जगह दुकानदार इन उत्पादों की बिक्री पर छूट दे रहे थे। लोगों को भी छूट का इंतजार था। यही कारण था कि शुक्रवार को छुट्टी का दिन नहीं होने पर भी बाजारों में रोजाना की अपेक्षा ज्यादा भीड़ उमड़ी।
शाह मार्केट में मोबाइल खरीदने वालों की भीड़ लगी रही। आईपैड, लैपटाप आदि की भी बिक्री की गई। शाह मार्केट के दुकानदार लोकेंद्र ने बताया कि बाजार में आफरों की धूम रही। दूरदराज से भी छोटे दुकानदार मोबाइल खरीदने के लिए आए।
आटो मोबाइल डीलरों ने भी जीएसटी की पूर्व संध्या पर वाहनों की बिक्री की। नगद छूट से लेकर एक्सचेंज आफर, मुफ्त बीमा, बढ़ी हुई वारंटी जैसे आफर दिए। बिग बाजार में जीएसटी शुभारंभ सेल के नाम पर शुक्रवार की मध्य रात्रि से दो से 22 फीसदी तक की छूट दी गई।
ज्यादातर इलेक्ट्रानिक्स के दुकानदारों का कहना था कि उनका मकसद जीएसटी की जटिल प्रणाली से बचने के लिए पुराने स्टाक को खत्म करके नये सिरे से शुरुआत करना है। ताकि एक जुलाई से जीएसटी के मुताबिक खरीद और बिक्री की जा सके।