पीली टी-शर्ट में साजिशकर्ता अमित चौधरी
- फोटो : अमर उजाला
नोएडा में हंगामे के बाद शहर में भी मजदूरों को भड़काने का प्रयास किया जा रहा था। लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (एलआईयू) की रिपोर्ट पर सिकंदरा पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन अटल के अध्यक्ष अमित चौधरी को गिरफ्तार किया है।
सिकंदरा के औद्योगिक क्षेत्र में भारतीय किसान यूनियन अटल के अध्यक्ष अमित चौधरी अपने साथियों के साथ मंगलवार को मजदूरों को भड़काने का प्रयास कर रहा है। वह मजदूरों को उकसा कर प्रदर्शन करने और काम बंद कराने का प्रयास कर रहा था। पुलिस नोएडा प्रकरण के बाद अलर्ट मोड पर थी।
एलआईयू की टीमें मजदूरों के बीच घुल मिलकर नजर रख रही थी। एलआईयू ने अमित चौधरी के प्रयासों की जानकारी सिकंदरा थाना पुलिस को दी।इसके बाद एसीपी हरीपर्वत अमीषा के निर्देश पर पुलिस टीम ने उसे और दो अन्य साथियों को हिरासत में लिया। आरोपियों का शांति भंग की धारा में चालान किया गया है।
25 से अधिक चिह्नित, हो सकती है गिरफ्तारी
नोएडा में हुए श्रमिकों के बवाल के बाद आगरा में भी पुलिस का अलर्ट है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने सोमवार को बैठक कर कहा था कि एसीपी और थाना प्रभारी नजर रखें। थाना सिकंदरा, एत्माददौला, ट्रांस यमुना और जगदीशपुरा क्षेत्र में कई फैक्टरी हैं। इनमें काम करने वालों से बात करें।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि थाने की पुलिस के साथ ही सोशल मीडिया सेल और सर्विलांस को भी लगाया गया है। पुलिस टीम नजर रख रही है कि कोई व्यक्ति किसी तरह से श्रमिकों को भड़काने का काम तो नहीं कर रहा है। 20 से 25 ऐसे लोगों को चिह्नित भी कर लिया गया है। इनके फोन बंद हो गए हैं।
यह सभी किसी न किसी तरह से लोगों को भड़काने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, पुलिस की सक्रियता के बाद सभी ने अपने मोबाइल बंद कर लिए हैं। पुलिस इन लोगों की तलाश में लगी है। काॅल डिटेल भी खंगाली जा रही है। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।