केंद्र की मोदी सरकार के तीन साल पूरे होने पर सांसद की जनसभा को लेकर भाजपा के जिलामहामंत्री और सांसद प्रतिनिधि के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि महामंत्री ने सांसद प्रतिनिधि को धमकाया भी। सांसद प्रतिनिधि ने इसकी शिकायत भाजपा जिलाध्यक्ष से की है।
बता दें कि जिला भाजपा ने मोदी सरकार के 3 साल पूरा होने पर 31 मई को मथुरा में सांसद हेमामालिनी की सभा का कार्यक्रम घोषित कर दिया। कहा जा रहा है कि इसकी स्वीकृति भी पहले सांसद से नहीं ली गई। 31 मई को सांसद हेमा मालिनी के मथुरा आने का कार्यक्रम भी नहीं है।
ऐसे में मीडिया के लोगों ने सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा से कार्यक्रम के बारे में पूछा। इस पर उन्होंने 31 मई को सांसद का कोई भी कार्यक्रम होने से इनकार कर दिया।
आरोप है कि जनसभा का कार्यक्रम बिगड़ते देख भाजपा के जिला महामंत्री सिद्धार्थ लोधी ने सांसद प्रतिनिधि को धमकाना शुरू कर दिया। दोनों मे विवाद हो गया। इस पर जनार्दन शर्मा ने मामले की शिकायत पार्टी जिलाध्यक्ष चौधरी तेजवीर सिंह से की है।