मैनपुरी। आर्थिक रुप से कमजोर मरीजों के लिए निशुल्क शिविर का आयोजन कर हेमा शाक्य रोशनी की किरण बन रही हैं। शहर में हर बृहस्पतिवार को निशुल्क शिविर का आयोजन किया जाता है। इसमें करीबन 100 मरीजों के नेत्र परीक्षण के साथ उनका उपचार, दवा और चश्मा भी दिया जाता है।
शहर के भांवत चौराहा निवासी हेमा शाक्य द्वारा निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का पहला आयोजन वर्ष 2011 में किया गया था। इसके बाद लगातार 10 वर्षों से हर बृहस्पतिवार को शिविर का आयोजन किया जाता है। शिविर में नेत्र विशेषज्ञ चिकित्सक 100 मरीजों का निशुल्क नेत्र परीक्षण करते हैं। उनके द्वारा साल में दो बार बृहद स्तर पर शिविर लगाया जाता है।
हेमा शाक्य ने बताया कि निशुल्क शिविर के माध्यम से आर्थिक रुप से कमजोर मरीजों का नेत्र परीक्षण करने के बाद उनको दवाएं और चश्मा भी उपलब्ध कराया जाता है। पिछले 10 वर्षों से शिविर लगातार जारी है। शिविर के तहत मोतिया बिंद के मरीजों का भी निशुल्क आपॅरेशन भी कराया जाता है।